सड़क दुर्घटना में एक की मौत
दाउदपुर(संवाददाता वीरेश सिंह): मांझी प्रखंड के दाउदपुर के मदनसाठ गांव के एक 40 बर्षीय व्यक्ति की सिवान जिले के पंचरुखी थाना क्षेत्र में एनएच मार्ग 531 पर गुरुवार को एक तेज गति से आरही वाहन के धक्के से मौत हो गयी। इस घटना की सूचना मदनसाठ गांव निवासी मृतक के पिता वशिष्ठ तिवारी को मिलते ही घर परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि वशिष्ठ तिवारी के दो पुत्र में बड़ा 40 वर्षीय पुत्र संतोष तिवारी सिवान में अपने निजी आवास में अपने परिवार के संग रहता है। वह हर महीने या कभी कभी हर सप्ताह गांव आता जाता है। इसी प्रकार संतोष गुरुवार को सिवान से बाइक के द्वारा गांव आ रहा था तभी पंचरुखी बाजार के समीप सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया और घटना स्थल पर मौत हो गयी। घटना के पश्चात स्थानीय पुलिस ने इस घटना की जानकारी घरवालों को दूरभाष पर दी। बताया जाता है कि संतोष अपने पत्नी संजू देवी, 11 वर्षीय पुत्र शुभ कुमार तथा 5 वर्षीय पुत्री मोहनी कुमारी के साथ सिवान रहता था और वाटर सप्लाई का व्यवसाय करता था। वही पिता व एक छोटा भाई पिंटू अपने गांव पर ही रहते है। माता चंद्रावती देवी पुत्र के इस दुर्घटना में मौत की खबर सुन कर सदमे में है। माता के चीख- चित्कार से गांव में मातम छा गया है। स्थानीय लोगो ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस के द्वारा परिजन को सुपुर्द कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक शव गांव नही पहुचा था। वही आसपड़ोस के लोग भी अचानक हुए हादसे के कारण गमगीन है।