मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर अटल घाट का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण
12 नवंबर को प्रस्तावित दौरे की तैयारियों में तेजी, सौंदर्यीकरण, मधुबनी पेंटिंग, लाइटिंग, पार्क और जनसुविधाओं के कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 12 नवंबर को संभावित सारण दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने मांझी नगर पंचायत स्थित अटल राम घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट के सौंदर्यीकरण और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान घाट पर चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने घाट के सौंदर्यीकरण, मधुबनी पेंटिंग, आकर्षक लाइटिंग, पार्क और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने स्तर से कार्यों की नियमित निगरानी करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
करीब तीन से चार घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और संवेदक मौजूद रहे। इस मौके पर नगर पंचायत के सैकड़ों स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अटल घाट पर विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है।

