दीपावली से पहले सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सजी रंगोलियों की छटा, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
मांझी के दक्षिण टोला स्थित विद्यालय में आयोजित हुई प्रतियोगिता, प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को बताया दीपावली का महत्व; स्थानीय पत्रकारों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दीपावली पर्व के पूर्व मांझी के दक्षिण टोला स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बुधवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के भैया-बहनों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी और आकर्षक रंगोलियों से विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी कला और सृजनशीलता से मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंगों और आकर्षक आकृतियों से सजी रंगोलियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में दीपों और रंगोलियों की सजावट से उत्सव का माहौल बन गया।
दीपावली सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने का पर्व
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को दीपावली के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं है, बल्कि यह सत्य, ज्ञान और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने बच्चों को त्योहार की खुशियां आपस में बांटने और सकारात्मक विचारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पत्रकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष पृथ्वीनाथ ओझा, अरविन्द कुमार पाण्डेय, भाजपा मध्य मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, हरिनाथ कुशवाहा सहित विद्यालय के सभी आचार्य उपस्थित रहे।

