गोबरही के हर्षवर्धन सिंह ने B.Tech में हासिल किए 90.10 प्रतिशत अंक, गांव में खुशी की लहर
मैकेनिकल इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर में प्रथम स्थान प्राप्त किया, प्रतिदिन 10 से 12 घंटे की पढ़ाई को बताया सफलता का मंत्र
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की गोबरही पंचायत स्थित गोबरही टोला गांव के निवासी अनिल सिंह के पुत्र हर्षवर्धन सिंह उर्फ अंकित कुमार ने बीटेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) के फाइनल ईयर में 90.10 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। हर्षवर्धन ने महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। यह संस्थान गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध है।
अपनी सफलता की जानकारी देते हुए हर्षवर्धन सिंह ने दूरभाष पर बताया कि नियमित मेहनत और अनुशासित पढ़ाई उनकी सफलता का आधार रही है। वे प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक पढ़ाई किया करते थे। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता गुड़िया सिंह, पिता अनिल सिंह और भाई यशवर्धन सिंह के सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया।
हर्षवर्धन ने कहा कि परिवार के सदस्यों ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया और पढ़ाई के प्रति निरंतर प्रेरित किया। उनकी इस उपलब्धि से गांव के युवाओं और विद्यार्थियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।
उनकी सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अरुण सिंह, अंजय सिंह, प्रवीण कुमार राज, शिव गौरव सिंह, सुमेश सिंह, अशोक सिंह सहित अनेक लोगों ने हर्षवर्धन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

