मांझी में नवरात्र की धूम, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
डुमाईगढ़ में गणमान्य लोगों का सम्मान, चकिया में देवी-देवताओं की झांकी तो ताजपुर में लिटिल डांस चैंप 2026 बना आकर्षण; कई जगह भजन संध्या और दुगोला मुकाबले की तैयारी
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता अंकित सिंह: मांझी प्रखंड क्षेत्र में नवरात्र उत्सव की धूम मची हुई है। जगह-जगह आकर्षक पूजा पंडाल, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दुर्गा पूजा स्थलों पर दर्शन-पूजन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, विभिन्न पूजा समितियों की ओर से धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।
डुमाईगढ़ शिव मंदिर में गणमान्य लोगों का सम्मान
डुमाईगढ़ स्थित शिव मंदिर परिसर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष रविवार की शाम सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मंदिर के संयोजक सहजानंद सिंह और दिनेश्वर मिश्रा ने मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार समेत दर्जनों गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में घोरहट पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शैलेश्वर मिश्रा, बीडीसी प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजू गुप्ता, समाजसेवी आदित्य सिंह, स्थानीय पत्रकार, पूजा समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। इस अवसर पर मंदिर को और भव्य बनाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई।
चकिया में देवी-देवताओं की झांकी ने मोहा मन
चकिया गांव स्थित दुर्गा पूजा पंडाल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी आदित्य सिंह ने किया। स्थानीय बाल कलाकारों ने देवी के नौ स्वरूपों और विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
ताजपुर में मेले के साथ भजन संध्या और दुगोला की तैयारी
ताजपुर स्थित सती माता मंदिर परिसर में बने आकर्षक पंडाल और मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर के संयोजक सरोज सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम गायक रौनक रतन की भजन संध्या आयोजित होगी। वहीं, बुधवार की रात भोजपुरी गायक प्रद्युम्न परदेशी और रौशन राज के बीच दुगोला मुकाबला होगा।
लिटिल डांस चैंप 2026 में बच्चों ने बिखेरा जलवा
ताजपुर पुरानी बाजार स्थित बड़ी दुर्गा महारानी पूजा समिति की ओर से लिटिल डांस चैंप 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों ने भक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का उद्घाटन पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने किया, जबकि मंच संचालन शिक्षक बीके भारतीय ने किया।
इस अवसर पर बीकेबी हाईटेक स्कूल की छात्राओं ने नवदुर्गा के स्वरूप धारण कर मनमोहक झांकी निकाली। झांकी के दौरान जयकारों से पूजा पंडाल गूंज उठा।
कई पूजा स्थलों पर प्रसाद के लिए कतारें
ताजपुर चौक और घोरहट शिव मंदिर में प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। कटोखर और मुबारकपुर स्थित काली मंदिरों में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।
पकड़ी बाजार और रघुनाथ गिरी मठिया में रावण दहन की तैयारी
मांझी नगर पंचायत के पकड़ी बाजार और रघुनाथ गिरी मठिया में बुधवार को होने वाले रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
नवरात्र के अवसर पर मांझी प्रखंड के विभिन्न गांवों में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी पूरे उत्साह से जारी हैं। पूजा पंडालों, मेलों और कार्यक्रमों के जरिए क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना हुआ है।


