मांझी के बलिया मोड़ पर दो बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार होने का आरोप, 22 लाख के जेवर ले जाने का भी दावा
छह साल पहले हुई थी शादी, पुलिस ने दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में लिया; थाना में बच्चों को सकुशल देखकर भावुक हुए पिता
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के बलिया मोड़ पर बुधवार की शाम दो छोटे बच्चों को ऑटो में छोड़कर उनकी मां के कथित तौर पर फरार होने का मामला सामने आया है। बच्चों को पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया। बाद में मांझी थाना पहुंचे पिता ने अपने कलेजे के टुकड़ों को सकुशल देखकर भावुक हो गए। बच्चों के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी प्रेमी के साथ चली गई है और घर से करीब 22 लाख रुपये के जेवर भी ले गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों के पिता अमित सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के पाण्डेयपुर निवासी अनिल सिंह के पुत्र हैं। अमित सिंह की शादी करीब छह वर्ष पहले सीवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में हुई थी। आरोप है कि बुधवार की शाम मांझी के बलिया मोड़ पर महिला दोनों बच्चों को ऑटो में छोड़कर चली गई। बच्चों के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें अपने संरक्षण में लिया। बच्ची ने अपना घर बलिया जिले के पाण्डेयपुर में बताया।
थाना में बच्चों से मिलकर भावुक हुए पिता
घटना की सूचना मिलने के बाद बच्चों के पिता मांझी थाना पहुंचे। वहां दोनों बच्चों को सुरक्षित देखकर वे भावुक हो गए। उन्होंने अपनी आपबीती सुनाते हुए पत्नी पर दोनों बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार होने और घर से करीब 22 लाख रुपये के जेवर ले जाने का आरोप लगाया।
फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों, महिला के ठिकाने और जेवर से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

