कटोखर काली मंदिर परिसर में पांच लाख की लागत से बना भव्य दुर्गा पूजा पंडाल
ग्रामीणों और विदेशों में रह रहे युवाओं के सहयोग से तीन महीने में तैयार हुआ पंडाल, अष्टमी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत चेफुल पंचायत के कटोखर काली मंदिर परिसर में ग्रामीणों के सहयोग से भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। करीब पांच लाख रुपये की लागत से तैयार इस पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। सप्तमी के दिन मां दुर्गा का पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, अष्टमी की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
पंचायत समिति सदस्य धनु चौधरी ने बताया कि वर्ष 2020 से ग्रामीणों के सहयोग से यहां मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। इस वर्ष भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहयोग कर आयोजन को भव्य रूप दिया है।
तीन महीने में तैयार हुआ पंडाल
विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि पंडाल के निर्माण में करीब तीन महीने का समय लगा। लगभग पांच लाख रुपये की लागत से बने इस पंडाल के लिए ग्रामीणों के साथ-साथ विदेशों में रह रहे युवाओं ने भी चंदा देकर आर्थिक सहयोग किया। सामूहिक प्रयास से काली मंदिर परिसर में आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है।
सड़क निर्माण का दिया आश्वासन
अष्टमी के दिन क्षेत्र भ्रमण के दौरान मांझी प्रखंड प्रमुख कमला देवी के प्रतिनिधि राजेश कुमार कटोखर दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कटोखर बाजार से काली मंदिर परिसर तक सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान युवा समिति संघ कटोखर के सैकड़ों सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित दुर्गा पूजा क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामुदायिक एकजुटता का उदाहरण बनी हुई है।
#ManjhiNews #SaranNews #Katokhar #BiharNews #DurgaPuja #MaaDurga #PujaPandal #Navratri #CommunityParticipation #VillageNews
