दहियावां ब्राह्मण टोली में 18 भुजा मां दुर्गा का पट खुला, भक्तों ने किए प्रथम दर्शन
1975 से स्थापित है मां की भव्य प्रतिमा, पट खुलते ही जय माता दी के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर छपरा के दहियावां ब्राह्मण टोली में स्थापित प्रसिद्ध 18 भुजा मां दुर्गा की प्रतिमा का शनिवार को विधि-विधान के साथ पट खोल दिया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पट खुलते ही श्रद्धालुओं को मां के दिव्य स्वरूप का प्रथम दर्शन करने का अवसर मिला। इसके साथ ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पट खुलने के बाद जय माता दी के जयघोष से दहियावां ब्राह्मण टोली गूंज उठा। पूजा समिति के अनुसार, नवरात्र के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा, आरती और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आस्था का प्रमुख केंद्र है 18 भुजा वाली मां की प्रतिमा
दहियावां ब्राह्मण टोली में 18 भुजा वाली मां दुर्गा की प्रतिमा वर्ष 1975 से स्थापित की जा रही है। अपनी भव्यता और विशिष्ट स्वरूप के कारण यह प्रतिमा हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनती है। इस वर्ष भी मां के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है।

