प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर जन औषधि केंद्र ने बांटे दीप
ग्राहकों से स्वस्थ, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान
सिवान (बिहार): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को मैरवा स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र (PMBJK-10949) की ओर से ग्राहकों के बीच दीप का वितरण किया गया। केंद्र की संचालिका प्रीति सिंह, तरुण सिंह एवं अभिषेक कुमार ने ग्राहकों को दीप भेंट कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर केंद्र पर पहुंचे ग्राहकों के बीच दीप वितरित करते हुए प्रीति सिंह ने कहा कि दीप प्रकाश, आशा और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर दीप वितरण का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य, सेवा और समृद्धि का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक स्वस्थ और जागरूक हो।
उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, परिवार और समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा सुखी, समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लें।
प्रीति सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के माध्यम से आम लोगों को आवश्यक दवाइयां किफायती दरों पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी खर्च में राहत मिलती है। उन्होंने लोगों से चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार ही दवाइयों का सेवन करने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
दीप वितरण कार्यक्रम में केंद्र से जुड़े ग्राहकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए स्वस्थ नागरिक, स्वस्थ समाज और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।

