गांधी स्कूल के बच्चों को दी गई नागरिक और सामाजिक चेतना की सीख
ममता शर्मा ने विद्यार्थियों से किया संवाद, वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर दिया जोर
रोहतक (हरियाणा) संवाददाता प्रेरणा बुड़ाकोटी: समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनमें सामाजिक एवं नागरिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘स्त्री शक्ति संगठन’ की अध्यक्षा ममता शर्मा ने रोहतक स्थित गांधी स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और विभिन्न सामाजिक विषयों पर उनसे संवाद किया।
विद्यालय के प्रमुख नरेश ने बताया कि गांधी स्कूल में मुख्य रूप से अप्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चे अध्ययन करते हैं। आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के कारण इनमें से कई बच्चे बुनियादी शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। विद्यालय और संस्था का प्रयास ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उनके भविष्य को बेहतर दिशा देना है।
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान ममता शर्मा ने नागरिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को एक-दूसरे की मदद करने, मिल-जुलकर आगे बढ़ने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।
ममता शर्मा ने कहा कि हर बच्चे के भीतर नागरिक बोध विकसित होना जरूरी है। बच्चों को छोटी उम्र से ही सहयोग, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता का महत्व समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों में भाग लेने की भावना भी बचपन से विकसित की जानी चाहिए, ताकि आगे चलकर बच्चे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
उन्होंने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय प्रशासन से भी अपील की कि वे ऐसे वंचित वर्ग के बच्चों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए हर संभव सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इन बच्चों के लिए बेहतर और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान संगठन के श्री सोनू, गांधी स्कूल के युवा शिक्षक तथा सेवानिवृत्त शिक्षक भी उपस्थित रहे।

