डाक बंगला रोड पर आधा टूटा पेड़ दे रहा हादसे को न्योता
कांजी सहाय भवन के सामने जर्जर पेड़ से खतरा, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शहर के अतिव्यस्त डाक बंगला रोड पर कांजी सहाय भवन के सामने आधा टूटा पेड़ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। पेड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर चुका है, जबकि बचा हुआ हिस्सा भी जर्जर अवस्था में खड़ा है। ऐसे में तेज हवा या बारिश के दौरान पेड़ के शेष हिस्से के अचानक सड़क पर गिरने की आशंका बनी हुई है।
डाक बंगला रोड शहर के प्रमुख व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों और लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में पेड़ गिरने की स्थिति में राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
हादसे से पहले कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना से पहले इसे हटाना अथवा सुरक्षित करना बेहद जरूरी है। स्थानीय निवासी सुबोध कुमार ने जिला प्रशासन और नगर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल स्थल का निरीक्षण कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते मामले को गंभीरता से लेता है तो संभावित हादसे को टाला जा सकता है। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर पेड़ की स्थिति का आकलन करे और खतरे को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए।
अब सवाल यह है कि प्रशासन किसी हादसे के बाद कार्रवाई करेगा या समय रहते खतरे को टालने की पहल करेगा।

