बसंतपुर में शराब की बड़ी खेप बरामद, 15 लाख की विदेशी शराब के साथ हरियाणा के 3 तस्कर गिरफ्तार
तीन लग्जरी गाड़ियां, छह मोबाइल, चेकबुक और पर्स बरामद; पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी
सिवान (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: बसंतपुर थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा से लाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोंडर क्षेत्र में कार्रवाई कर तीन अंतरराज्यीय शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से तीन लग्जरी चार पहिया वाहन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी अमित, कमल और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद विदेशी शराब की मात्रा करीब 1313.910 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये है। शराब के अलावा आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, चेकबुक और पर्स भी बरामद किए गए हैं।
तेज रफ्तार में भागने की कोशिश, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाकर मौके से भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान पुलिस टीम के लिए स्थिति जोखिमपूर्ण हो गई। हालांकि, थानाध्यक्ष अमित कुमार और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों वाहनों को घेर लिया और आरोपियों को पकड़ लिया।
महावीरी मेले में खपाने की थी तैयारी!
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि 25 और 26 सितंबर को आयोजित होने वाले महावीरी मेले को देखते हुए शराब की यह बड़ी खेप क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता से तस्करों की कथित योजना विफल हो गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

