दाउदपुर में नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह का भव्य स्वागत, वीर कुंवर सिंह स्मारक पर किया माल्यार्पण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार राज्य नागरिक परिषद के नव मनोनीत उपाध्यक्ष एवं जदयू के वरिष्ठ नेता डॉ. अजय कुमार सिंह का बुधवार को दाउदपुर के वीर कुंवर सिंह चौक पर भव्य स्वागत किया गया। बाबू वीर योद्धा कुंवर सिंह फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के बाद डॉ. अजय कुमार सिंह ने वीर कुंवर सिंह स्मारक स्थल पर पहुंचकर उनकी तस्वीर और वीरता के प्रतीक खड्ग पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने बाबू वीर कुंवर सिंह के साहस और देशभक्ति को याद करते हुए उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी बताया।
डॉ. सिंह ने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में भी बाबू वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया था। उनका शौर्य, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वीर कुंवर सिंह के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी तक वीर कुंवर सिंह के विचारों और संघर्ष की गाथा पहुंचाना जरूरी है, ताकि समाज में एकजुटता, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत हो सके।
फाउंडेशन के समाजसेवी रणविजय सिंह उर्फ धड़का सिंह ने बताया कि डॉ. अजय सिंह पटना जाने के क्रम में दाउदपुर पहुंचे थे। जदयू में नई जिम्मेदारी मिलने पर फाउंडेशन के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत कर बधाई दी।
कार्यक्रम में जटाशंकर सिंह, डॉ. राजीव कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह, रघुवंश सिंह, दयानंद सिंह, बड़े सिंह, अजीत सिंह, ओमप्रकाश सिंह, गुड्डू सिंह, गजेंद्र सिंह, अवधेश गुप्ता सहित फाउंडेशन के सैकड़ों सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

