वाहन जांच के दौरान चोरी की बाइक से मिली शराब, दो गिरफ्तार!
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लीटर देसी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसे चोरी की बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, वाहन जांच के दौरान संदिग्ध स्थिति में बाइक सवारों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक से 35 लीटर देसी शराब बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छपरा जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के बलिया कोठी गांव निवासी किरण कुमार भारती तथा चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर निवासी अनुराग पटेल के रूप में हुई है।
पुलिस ने शराब बरामदगी के साथ बाइक की भी जांच की, जिसमें उसके चोरी की होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
मामले की जानकारी चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन कुमार ने दी। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

