राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026: बिहार के 6 उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन, दिल्ली स्तर पर प्रस्तुतीकरण की तैयारी
राज्य स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने जारी किया पत्र, 11 अगस्त को मुख्यालय में उपस्थिति अनिवार्य:
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सीधा संबंध शिक्षकों की निष्ठा और उनकी कार्यकुशलता से होता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रत्येक वर्ष शिक्षक दिवस (05 सितंबर) के अवसर पर सम्मानित किया जाता है, ताकि उनके योगदान को सराहा जा सके। इसी कड़ी में 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार- 2026' की चयन प्रक्रिया अपने अंतिम और महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुकी है। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग (प्राथमिक शिक्षा निदेशालय) ने राज्य के ऐसे 6 समर्पित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों की सूची जारी की है, जिनका चयन राज्य स्तरीय समिति द्वारा किया गया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक (भा.प्र.से.) द्वारा जारी आधिकारिक पत्रांक: (08/शि.पु.-14-02/2026-935) के अनुसार, इन सभी शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया के तहत प्रस्तुतीकरण (Presentation) देना होगा।
इन 6 शिक्षकों की हुई अनुशंसा:
राज्य स्तरीय समिति की सिफारिश के बाद जिन उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के अगले चरण के लिए हुआ है, उनमें......
1- श्रीमती पुष्पा प्रसाद:
शिक्षिका, कन्या मध्य विद्यालय, कुचायकोट, गोपालगंज।
2- श्री अभिषेक:
प्रभारी प्रधान शिक्षक, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दिघौत, जमुई।
3- श्री विप्लव कुमार:
शिक्षक, मध्य विद्यालय, अरिहाना, आजमनगर, कटिहार।
4- श्रीमती प्रमिला कुमारी:
प्रभारी प्राचार्या, +2 एस. एन. लाल उच्च विद्यालय, अखगाँव, संदेश, भोजपुर।
5- श्रीमती खुशबू कुमारी:
प्रधान शिक्षिका, उर्दू प्राथमिक विद्यालय, बिदयडीह, बाँका।
श्री राजकुमार प्रसाद गुप्ता: प्रधानाध्यापक, राजकीय मध्य विद्यालय, सलैया, मदनपुर, औरंगाबाद शामिल है।
12 अगस्त को केंद्र सरकार के समक्ष होगा ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण:
भारत सरकार के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, नई दिल्ली द्वारा इन चयनित शिक्षकों के साक्षात्कार और प्रस्तुतीकरण के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। यह प्रस्तुतीकरण 12 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शिक्षकों को अपनी- अपनी शिक्षण शैली, नवाचारों और विद्यालयों में किए गए उत्कृष्ट बदलावों का ब्योरा राष्ट्रीय चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।
मुख्यालय में पूर्व तैयारी और अभिलेख सत्यापन:
केंद्र सरकार के सामने अंतिम प्रस्तुतीकरण से पहले राज्य स्तर पर पुख्ता तैयारी सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी 6 चयनित शिक्षकों को 11 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे तक पटना स्थित शिक्षा विभाग के मुख्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। शिक्षकों को अपने साथ ऑनलाइन आवेदन से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेखों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी (पेन ड्राइव आदि सहित) लाने को कहा गया है, ताकि पूर्व तैयारी और दस्तावेज़ों का सत्यापन समय से पूरा किया जा सके। इस प्रस्तुतीकरण में सभी अनुशंसित शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
