रक्षाबंधन से पहले ही सर्पदंश से युवती की मौत, भाई ने रोते-बिलखते दी मुखाग्नि
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा विशेन टोला में रक्षाबंधन से ठीक पहले दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दरोगा सिंह की 22 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी की सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान छपरा सदर अस्पताल में मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात अंजली घर में सो रही थी। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसे डंस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर स्थिति के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राखी की जगह बहन की चिता को दी मुखाग्नि
अंजली की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन पर जहां तीनों भाइयों को अपनी बहन से राखी बंधवानी थी, वहीं उन्हें उसकी अंतिम विदाई देनी पड़ी। भाई दीपक कुमार सिंह ने नम आंखों से अपनी बहन की चिता को मुखाग्नि दी। यह मार्मिक दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। अंजली की असामयिक मौत से गांव में मातम पसरा है। माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

