नगर पालिका नरसिंहपुर के शिविर में उमड़े नागरिक, 58 में से 49 आवेदनों का मौके पर निराकरण
रिपोर्ट: अवनेश उर्फ दिलीप
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश): मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को नगर पालिका नरसिंहपुर कार्यालय परिसर में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं एवं समस्याओं के निराकरण की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में नागरिकों से कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 49 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में समग्र आईडी एवं ई-केवायसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
किसानों के लिए फार्मर आईडी एवं ई-केवायसी से संबंधित कार्य किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे, उपाध्यक्ष अजीत जाट, सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएमओ गजेन्द्र सिंह लोधी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

