गांव-गांव पहुंचा ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’, कलेक्टर रजनी सिंह ने मौके पर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण और शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत हीरापुर में अभियान का तीसरा शिविर आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी वाहन पूल के माध्यम से शिविर में पहुंचे।
शिविर के लिए रवाना होने से पहले कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान के उद्देश्यों और शिविर में किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनने, पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
गांवों में पहुंचकर कलेक्टर ने लिया योजनाओं का जायजा
शिविर स्थल पहुंचने से पहले कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने ग्राम पिठेहरा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने गांव में मूलभूत सुविधाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
कलेक्टर ने शासकीय विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी। साथ ही शासकीय भवनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवारों के सदस्यों के नाम राशन कार्ड में दर्ज नहीं हैं। कुछ बच्चों के आधार कार्ड, ई-केवायसी और संबल कार्ड भी नहीं बने हैं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गांव में विशेष आधार शिविर आयोजित कर पात्र लोगों के आधार कार्ड बनवाने तथा जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कराने के निर्देश दिए।
स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम बंधी की शासकीय प्राथमिक शाला का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनसे पढ़ाए जा रहे अध्याय का पाठ सुना। विद्यालय में तीन शिक्षक और 50 विद्यार्थी पंजीकृत बताए गए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति की जानकारी लेते हुए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित अध्यापन और बच्चों की सीखने की क्षमता में सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पहुंच मार्ग और अतिक्रमण की शिकायत
ग्राम बिचुआ के ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर गांव के पहुंच मार्ग की खराब स्थिति और मार्ग पर किए गए अतिक्रमण की समस्या बताई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तहसीलदार को राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने और पहुंच मार्ग से संबंधित आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव में ही सुनना और उनका यथासंभव मौके पर निराकरण करना है, ताकि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

