दरवाजे पर सो रही महिला की सर्पदंश से मौत, एकमा सीएचसी पर लापरवाही का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के कलान गांव में शुक्रवार सुबह सर्पदंश से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कलान गांव निवासी शैलेश मांझी की पत्नी राधा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राधा देवी अपने घर के दरवाजे पर सो रही थीं, तभी जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया।
सर्पदंश के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एकमा सीएचसी लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में सर्पदंश का समुचित इलाज नहीं किया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान राधा देवी की मौत हो गई।
राधा देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पीछे एक पुत्र और दो अविवाहित पुत्रियां हैं। स्थानीय मुखिया दीपक मिश्रा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आर्थिक सहयोग किया।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का दाह संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।

