मांझी में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, अमन-भाईचारे का दिया संदेश
यौम-ए-पैदाइश पर विभिन्न गांवों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में शामिल हुए अकीदतमंद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौम-ए-पैदाइश के मौके पर बुधवार को मांझी प्रखंड के विभिन्न गांवों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। हसन अली बाजार, माली टोला, गुरदाह खुर्द, नरपलिया, डुमरी और गढ़ बाजार समेत कई गांवों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
जुलूस में शामिल लोग नात-ए-पाक और दरूद-व-सलाम पढ़ते हुए अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दे रहे थे। राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी जुलूस में भाग लिया। विभिन्न गांवों से निकले जुलूस मांझी के नरपलिया मोड़ पर एकत्रित हुए, जहां से सामूहिक रूप से जुलूस आगे बढ़ा।
इस दौरान जगह-जगह लोगों ने राहगीरों और दुकानदारों के बीच पानी, शरबत, खजूर, केला और मिठाई वितरित की। यौम-ए-पैदाइश के अवसर पर लोगों के बीच मिठाई भी बांटी गई।
मजार पर मांगी अमन-चैन की दुआ
जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए जलाल शाह रहमतुल्लाह अलैह के मजार पर पहुंचा। यहां अकीदतमंदों ने सलातो-सलाम पढ़ा और दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली एवं आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मांझी पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

