नागपुर में सावन महोत्सव की धूम, सावन क्वीन बनीं श्वेता शर्मा
नागपुर (महाराष्ट्र): मनीष नगर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स के शोरूम में उत्कर्ष बहुउद्देशीय संस्था एवं तनिष्क ज्वेलर्स के संयुक्त सौजन्य से सावन महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के लोकगीत, गीत-संगीत, नृत्य और सावन क्वीन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. कविता परिहार उपस्थित रहीं, जबकि सम्माननीय अतिथि संध्या साहू ने भी मंच की शोभा बढ़ाई। तनिष्क ज्वेलर्स की मैनेजर प्रतीक सर ने पुष्पगुच्छ एवं उपहार देकर डॉ. कविता परिहार और संध्या साहू का सम्मान किया।
लोकगीत और नृत्य ने बांधा समां
सावन महोत्सव के दौरान रेखा तिवारी ने मल्हार राग में सावन का झूला गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं प्रतिभा मौजे ने मराठी और हिंदी सावन गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
सुनीता शर्मा, संगीता बैस, रीता देशपांडे, श्वेता शुक्ला, दीक्षा सिंह सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को खुशनुमा और यादगार बना दिया।
श्वेता शर्मा बनीं सावन क्वीन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सावन क्वीन रैम्प वॉक प्रतियोगिता रही। इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए श्वेता शर्मा ने सावन क्वीन का खिताब अपने नाम किया। तनिष्क ज्वेलर्स की ओर से प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का परिचय संध्या साहू ने दिया, जबकि सुनीता शर्मा ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजकों की ओर से आगंतुकों के लिए नाश्ता, कॉफी और पानी की भी बेहतर व्यवस्था की गई थी।
उत्कर्ष बहुउद्देशीय संस्था ने सफल आयोजन के लिए तनिष्क ज्वेलर्स के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं तनिष्क की ओर से राखी मैडम ने सभी आगंतुकों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

