हिंदी विश्वविद्यालय में नव-दिवसीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य समापन
तिरंगा भारत के गौरव, एकता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक : कुलपति प्रो. नंदिनी साहू
कोलकाता/हावड़ा, 18 अगस्त 2026
हिंदी विश्वविद्यालय, हावड़ा, पश्चिम बंगाल में आयोजित नव-दिवसीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य समापन हुआ। विश्वविद्यालय की माननीया कुलपति प्रो. नंदिनी साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ सहभागिता की।
समापन अवसर पर अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. नंदिनी साहू ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए।
विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी सिद्धार्थ घटक चौधरी एवं ओ.एस.डी. देवव्रत भांजा के निर्देशन में नौ दिनों तक विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के प्रथम दिन कुलपति द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान के दूसरे दिन निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। तीसरे दिन देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाटक पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। प्रतिभागियों ने आधिकारिक अभियान पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी भी अपलोड की। चौथे दिन देशभक्ति पर आधारित स्लोगन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के साथ कविता पाठ का आयोजन किया गया।
पांचवें दिन विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और भारतीय ध्वज संहिता पर संगोष्ठी आयोजित कर लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
छठे दिन स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं, शाम के समय विश्वविद्यालय भवन को तिरंगे की रोशनी से सजाया गया, जिसने पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल और भी जीवंत कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन
अभियान के सातवें दिन, यानी 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुलपति प्रो. नंदिनी साहू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।
अभियान के अंतिम एवं नौवें दिन विश्वविद्यालय परिसर में भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। नौ दिनों तक चले इस अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम ने विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
हिंदी विश्वविद्यालय हावड़ा, हर घर तिरंगा अभियान 2026, प्रो नंदिनी साहू, हिंदी विश्वविद्यालय समाचार, हर घर तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम, हावड़ा न्यूज

