अंतिम सोमवारी पर धनी धर्मनाथ मंदिर में भारत स्काउट-गाइड ने संभाला सेवा का मोर्चा
श्रद्धालुओं की सहायता में मुस्तैद रहे 50 स्काउट-गाइड कैडेट, सेवा और अनुशासन का दिया संदेश
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर छपरा शहर के प्रसिद्ध धनी धर्मनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सेवा एवं सहायता के लिए भारत स्काउट और गाइड, सारण के 50 कैडेटों ने मोर्चा संभाला। अनुमंडल पदाधिकारी, छपरा सदर एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के संयुक्त निर्देश पर आयोजित सेवा-सहायता अभियान में कैडेटों ने मंदिर परिसर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग दिया।
सेवा शिविर का नेतृत्व जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने किया। कैडेटों को अलग-अलग टोलियों में बांटकर श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई। विभिन्न टोलियों का नेतृत्व जिला प्रशिक्षक सोनू गुप्ता, आशुतोष कुमार एवं खुशी ठाकुर ने किया।
अंतिम सोमवारी पर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच स्काउट-गाइड कैडेट पूरे अनुशासन और तत्परता के साथ सेवा कार्य में जुटे रहे। कैडेटों ने श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग देने के साथ ही सेवा, सहयोग और अनुशासन का संदेश दिया।
लोगों ने सराहा सेवा भाव
सेवा कार्य में जुटे भारत स्काउट और गाइड, सारण के कैडेटों की श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहना की। भीड़ के बीच उनकी सक्रिय भागीदारी ने “सेवा ही सर्वोपरि” के संदेश को सार्थक किया।
भारत स्काउट और गाइड का यह अभियान युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

