दाऊदपुर पंचायत में विकास ठप, सब्जी मंडी से ग्रामीण सड़कों तक जलजमाव; जनता बदलाव चाहती है : प्रमोद सिंह
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार में पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट के बीच गांवों में चुनावी माहौल गर्माने लगा है। संभावित प्रत्याशी जनता के बीच पहुंचकर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं। इसी क्रम में मांझी प्रखंड की दाऊदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रमोद सिंह ने वर्तमान पंचायत व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इस बार पंचायत की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और उन्हें भरपूर समर्थन मिलेगा।
दाऊदपुर पंचायत में आयोजित एक बैठक के दौरान पूर्व मुखिया प्रमोद सिंह ने कहा कि वर्ष 2016 से 2021 के अपने कार्यकाल में उन्होंने सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में वर्तमान मुखिया द्वारा पंचायत में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया गया।
उन्होंने कहा कि "पंचायत की सब्जी मंडी हो या ग्रामीण सड़क, हर जगह जलजमाव की समस्या बनी हुई है। आम लोगों, किसानों और व्यापारियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे साफ जाहिर होता है कि वर्तमान मुखिया का जनसमस्याओं और विकास कार्यों की ओर कोई ध्यान नहीं है।"
प्रमोद सिंह ने कहा कि यदि जनता उन्हें दोबारा सेवा का अवसर देती है तो सरकार की सभी विकास योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू करते हुए सड़क, नाला, जलनिकासी, नल-जल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत के प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
बैठक में परमेश्वर राय, पैक्स अध्यक्ष चेत बहादुर सिंह, ललन महतो, अनिल सिंह, केदार राय, बाबू साहब सिंह, परमात्मा राम, अमन राय सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
दाऊदपुर पंचायत, प्रमोद सिंह, पंचायत चुनाव 2026, मांझी समाचार, सारण न्यूज, जलजमाव, पूर्व मुखिया, बिहार पंचायत चुनाव
नोट: वर्तमान मुखिया पर लगाए गए आरोप पूर्व मुखिया प्रमोद सिंह के बयान पर आधारित हैं। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

