चेहल्लुम पर मांझी में शांति समिति की बैठक, जुलूस पर ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को मांझी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने की, जिसमें जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि चेहल्लुम मुस्लिम समुदाय का महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ संपन्न हो। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा ने कहा कि मांझी क्षेत्र गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है। सभी लोगों को मिलकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखना चाहिए ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में पूर्व उप प्रमुख रामकृष्ण सिंह, पूर्व मुखिया अख्तर अली, सरपंच धनेश साह, हसनू खान, मुल्तान खान, भोली खान, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चेहल्लुम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया जा चुका है तथा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बैठक में यह भी तय किया गया कि अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चेहल्लुम 2026, मांझी थाना, शांति समिति बैठक, सारण पुलिस, चेहल्लुम सुरक्षा व्यवस्था, Manjhi News, Saran News

