वायनाड भूस्खलन में जान गंवाने वाले इमरान को नम आंखों से अंतिम विदाई, गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: केरल के वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन में जान गंवाने वाले सारण जिले के तरैया प्रखंड अंतर्गत भटगाई गांव निवासी 30 वर्षीय मो. इमरान का शव रविवार की सुबह उनके पैतृक गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। पांच दिनों के लंबे इंतजार के बाद एम्बुलेंस जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। पत्नी शबनम खातून छह माह की मासूम बच्ची को गोद में लेकर बेसुध हो गईं, जबकि वृद्ध माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की आंखें भी नम हो गईं।
परिजनों ने बताया कि मो. इमरान करीब दो माह पहले रोजी-रोटी की तलाश में केरल के वायनाड गए थे, जहां वे एक सड़क निर्माण कंपनी में पोकलेन मशीन चालक के रूप में कार्यरत थे। पिछले सप्ताह लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण निर्माण स्थल पर भीषण भूस्खलन हो गया, जिसमें 15 मजदूर मलबे में दब गए। सेना और स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान लगभग 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 9 जुलाई को मलबे से इमरान का शव बरामद किया गया।
पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को विमान से पटना लाया गया, जहां से रविवार सुबह उनके गांव भटगाई पहुंचाया गया। शव पहुंचने की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस दौरान मुखिया ओम प्रकाश कुमार, सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह 'विक्कू', भाजपा नेता शेखर सिंह, बीडीसी प्रतिनिधि मो. सनाउल्लाह, जदयू नेता सुशील सिंह, जिला पार्षद हरिशंकर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। शाम को जनाजे की नमाज अदा किए जाने के बाद मो. इमरान को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
Wayanad Landslide, Saran News, Taraiya News, Mohammad Imran, Kerala Landslide, Bhatgai Village, Chhapra News, Bihar News, Wayanad Tragedy

