सौतेले बेटे ने रची थी हत्या की साजिश! सारण पुलिस ने 14 दिन में किया खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग का परिचय देते हुए इसुआपुर थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले का सफल उद्भेदन कर मुख्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को इसुआपुर थाना क्षेत्र के अचितपुर नट टोली गांव में सोनी देवी उर्फ सबरुन निशा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनुसंधान के दौरान इस हत्याकांड में मृतका के सौतेले बेटे, उसके परिवार के सदस्यों और उसके दोस्तों की संलिप्तता सामने आई।
घटना के संबंध में मृतका के पति अशोक गिरी के फर्दबयान के आधार पर इसुआपुर थाना कांड संख्या-238/26, दिनांक 20 जून 2026 के तहत धारा 103(1), 61(2), 3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-02 के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड के नामजद अभियुक्त मनु कुमार, पिता-रघुनाथ महतो, निवासी बेला, थाना इसुआपुर, जिला सारण, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मृतका का सौतेला बेटा है। उससे पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में इसुआपुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सारण पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सारण पुलिस, इसुआपुर हत्याकांड, सोनी देवी हत्या, मनु कुमार गिरफ्तार, छपरा अपराध समाचार, सारण न्यूज, बिहार क्राइम न्यूज, Isuapur Murder Case

