सारण: छात्रों को मिली शिक्षा ऋण और साइबर सुरक्षा की जानकारी
मोबाइल का करें सीमित उपयोग, साइबर ठगी से बचने के लिए रहें सतर्क: अरविंद सिंह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पीएम श्री उच्च विद्यालय, कोहरा में शनिवार को छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा ऋण, डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के उप प्रबंधक एवं भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी अरविंद सिंह ने ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं, शिक्षा ऋण और बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
अपने निजी कार्य से गांव आए अरविंद सिंह ने इस अवसर का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया। उन्होंने छात्रों को बताया कि उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण प्राप्त करना अब पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। यदि छात्र निर्धारित पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करते हैं तो उन्हें आसानी से एजुकेशन लोन मिल सकता है। उन्होंने ऋण आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पुनर्भुगतान की व्यवस्था तथा इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्सुकता के साथ कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और व्यावहारिक ढंग से उत्तर दिया।
साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए अरविंद सिंह ने कहा कि किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल में किसी अनजान स्रोत से एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने से बचें और अपना एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने फर्जी कॉल, इनाम और अन्य ऑनलाइन ठगी के झांसे से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित और आवश्यकता अनुसार उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ किसी न किसी खेल गतिविधि में भी अवश्य भाग लें। खेलकूद शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव सर ने अरविंद सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्रों के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पीएम श्री उच्च विद्यालय कोहरा, SBI Education Loan, Cyber Security Awareness, अरविंद सिंह, डिजिटल बैंकिंग, शिक्षा ऋण, साइबर सुरक्षा, मांझी समाचार, सारण न्यूज

