सारण: मनरेगा घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, मुखिया समेत सात लोगों पर एफआईआर दर्ज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत लेजुआर पंचायत में मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितता पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण में वित्तीय गड़बड़ी और घटिया सामग्री के उपयोग की पुष्टि होने पर पंचायत की मुखिया समेत सात लोगों के विरुद्ध दाउदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही दोषी कर्मियों के विरुद्ध संविदा समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
उप विकास आयुक्त ने लेजुआर पंचायत में मनरेगा के तहत संचालित पईन उड़ाही एवं निजी वृक्षारोपण से संबंधित कुल पांच योजनाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में पंचायत समिति मद से संचालित पईन उड़ाही की तीन योजनाओं में वित्तीय अनियमितता सामने आई। वहीं पंचायत मद से कराए गए निजी वृक्षारोपण की दो योजनाओं में घटिया सामग्री के उपयोग का मामला भी उजागर हुआ।
जांच रिपोर्ट के आधार पर उप विकास आयुक्त के निर्देश पर योजना से जुड़े कनीय अभियंता, पंचायत तकनीकी सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, मेट, लेजुआर पंचायत की मुखिया श्रीमती माधुरी देवी तथा पंचायत समिति सदस्य श्रीमती बबीता देवी के विरुद्ध दाउदपुर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित कनीय अभियंता, पंचायत तकनीकी सहायक, पंचायत रोजगार सेवक एवं मेट के विरुद्ध संविदा समाप्त करने की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार या गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि जनहित की योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
लेजुआर मनरेगा घोटाला, मांझी समाचार, दाउदपुर थाना, सारण न्यूज, मनरेगा अनियमितता, मुखिया पर एफआईआर, लक्ष्मण तिवारी, पंचायत भ्रष्टाचार, बिहार मनरेगा

