दहा नदी का जर्जर पुल बना आमजनों की परेशानी, आवागमन ठप होने से ग्रामीणों में बढ़ी नाराजगी
चारपहिया वाहनों पर रोक से स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित, जल्द नए पुल के निर्माण की उठी मांग
सारण में जर्जर पुल बना संकट: बैरिकेडिंग से बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के ताजपुर पंचायत स्थित दहा नदी पर बना पुल जर्जर होने के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। पुल की खराब स्थिति को देखते हुए सारण के जिलाधिकारी वैभव कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर तत्कालीन अंचलाधिकारी सौरभ कुमार अभिषेक ने पुल की बैरिकेडिंग कराकर चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा एवं टोटो के आवागमन पर रोक लगा दी थी। इसके बाद से सारण और सिवान जिले के बीच आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ताजपुर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस पुल के बंद होने से लगभग सात पंचायतों के लोगों की दैनिक जिंदगी प्रभावित हो गई है। उन्होंने बताया कि मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पुलिस प्रशासन को भी पुल के दूसरी ओर गश्ती करने में दिक्कत हो रही है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध शराब की बिक्री, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी वृद्धि हुई है।
उड़ियापुर गांव निवासी अनिल सिंह ने बताया कि पुल बंद होने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कई अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल नहीं भेज पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सात पंचायतों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो पुलिस को करीब 30 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय पर कार्रवाई प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर पुल की शीघ्र मरम्मत अथवा नए पुल के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यह पुल क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए जीवनरेखा है। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो जनजीवन और अधिक प्रभावित होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
दहा नदी पुल, ताजपुर पंचायत, मांझी समाचार, सारण न्यूज, जर्जर पुल, सात पंचायत, पुल बंद, ग्रामीणों की परेशानी, सिवान संपर्क मार्ग, बिहार समाचार
#Saran #Manjhi #Tajpur #Bridge #BiharNews #Infrastructure #RuralDevelopment #Siwan #JagatDarshanNews
