एकमा को मिली उच्च शिक्षा की नई सौगात: परसागढ़ में आज होगा राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ
एकमा के परसागढ़ में आज होगा राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: सारण जिले के एकमा प्रखंड के परसागढ़ स्थित आरएन उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ आज सुबह 10:30 बजे होगा। यह समारोह राज्य सरकार की उच्च शिक्षा विस्तार योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से परसागढ़ सहित बिहार के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार उद्घाटन समारोह में महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद, एकमा विधानसभा क्षेत्र के विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख एवं उपप्रमुख, प्रखंड कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के सदस्य, पंचायतों के मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। प्रशासन ने सभी आमंत्रित अतिथियों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परसागढ़ में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। अब एकमा एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों के छात्र-छात्राओं को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए छपरा या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस महाविद्यालय के संचालन से शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खुलेगा और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
एकमा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, परसागढ़ कॉलेज उद्घाटन, सारण समाचार, एकमा न्यूज, बिहार 211 डिग्री कॉलेज, आरएन इंटर कॉलेज परसागढ़, सम्राट चौधरी, उच्च शिक्षा बिहार, छपरा शिक्षा समाचार

