कारगिल विजय दिवस पर ‘माँ सरस्वती राष्ट्रीय काव्य मंच’ की वर्चुअल काव्य एवं विचार गोष्ठी 26 जुलाई को
नई दिल्ली: संवाददाता प्रेरणा बुड़ाकोटी: साहित्य के प्रति समर्पित ‘माँ सरस्वती राष्ट्रीय काव्य मंच भारत’ द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 26 जुलाई, रविवार को ऑनलाइन काव्य एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आभासी पटल पर आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन ‘सरस्वती राष्ट्रीय काव्य मंच भारत’ एवं ‘संस्था एक प्रयास भारत’ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
मंच के संस्थापक एवं साहित्य सेवा के लिए समर्पित सेवानिवृत्त शिक्षक श्री महेश प्रसाद शर्मा ने वर्ष 2024 में ‘माँ सरस्वती राष्ट्रीय काव्य मंच’ की स्थापना की थी। उनके अथक प्रयासों से साहित्य में रुचि रखने वाले देश के विभिन्न राज्यों के नवांकुर एवं वरिष्ठ साहित्यकार इस मंच से जुड़कर निरंतर साहित्य साधना कर रहे हैं। वर्तमान में मंच से करीब 200 से अधिक साहित्यकार जुड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, दिल्ली, मुंबई, पुणे, महाराष्ट्र, हरियाणा सहित देश के विभिन्न हिस्सों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहित्यकार और कवि मंच के माध्यम से अपनी रचनाओं एवं विचारों का प्रस्तुतिकरण कर साहित्यिक गतिविधियों को नई ऊंचाई देने का प्रयास कर रहे हैं।
मंच की ओर से बताया गया कि अगस्त 2024 से लगातार साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा पाक्षिक एवं विभिन्न महत्वपूर्ण दिवसों के अवसर पर भी काव्य गोष्ठी और विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रमों में शामिल होने वाले साहित्यकारों को सहभागिता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया जाता है। आभासी मंच के माध्यम से देश के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले साहित्यकार भी आसानी से एक-दूसरे से जुड़कर अपने विचारों और साहित्यिक प्रतिभा का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के डॉ. प्रमोद कुमार आदित्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं पुणे, महाराष्ट्र के आदरणीय महेन्द्र माणिक, जो ‘संस्था एक प्रयास’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संरक्षक सदस्य हैं, विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रतिराम गढ़ेवाल, रायपुर करेंगे, जबकि अध्यक्षता श्रीमती मीरा सक्सेना, नई दिल्ली करेंगी। डॉ. अम्बे कुमारी, बोधगया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. ब्रजेन्द्र नारायण द्विवेदी, वाराणसी तथा कार्यक्रम प्रसारिका डॉ. प्रेरणा बुड़ाकोटी, दिल्ली होंगी। वहीं सरिता श्रीवास्तव, जोधपुर (राजस्थान) विशेष सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम का संचालन मंच के संस्थापक सदस्य श्री महेश शर्मा एवं डॉ. उर्मिला साईंप्रीत, कटनी (मध्य प्रदेश) द्वारा किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, ‘सरस्वती राष्ट्रीय काव्य मंच भारत’ का मुख्य उद्देश्य देशभर के साहित्यकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और उनकी साहित्यिक प्रतिभा को निखारना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर साप्ताहिक काव्य गोष्ठी एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाता है, जिससे नवोदित और वरिष्ठ रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने तथा साहित्यिक संवाद को मजबूत बनाने का अवसर मिल सके। कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह विशेष काव्य एवं विचार गोष्ठी देश के वीर शहीदों और कारगिल युद्ध के वीर जवानों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को साहित्यिक अभिव्यक्ति के माध्यम से नमन करेगी।
कारगिल विजय दिवस काव्य गोष्ठी, माँ सरस्वती राष्ट्रीय काव्य मंच, सरस्वती राष्ट्रीय काव्य मंच भारत, ऑनलाइन काव्य गोष्ठी, साहित्यिक कार्यक्रम, कारगिल विजय दिवस 2026, साहित्यकार, कवि सम्मेलन, वर्चुअल काव्य गोष्ठी

