1100 श्रद्धालुओं को बिहार सरकार कराएगी निःशुल्क सोमनाथ यात्रा, 20 जुलाई को पटना से चलेगी विशेष ट्रेन
पटना (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अद्भुत आस्था" के उपलक्ष्य में बिहार सरकार ने राज्य के लगभग 1100 श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क "सोमनाथ यात्रा" आयोजित करने का निर्णय लिया है। कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से संचालित होने वाली यह विशेष यात्रा 20 जुलाई 2026 को पटना जंक्शन से विशेष रेलगाड़ी द्वारा शुरू होगी। यात्रा के दौरान आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
यात्रा के तहत श्रद्धालु सोमनाथ धाम के दर्शन एवं भ्रमण करेंगे और 26 जुलाई 2026 को वापस पटना लौटेंगे। यात्रा के सफल संचालन के लिए भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) के सहयोग से वातानुकूलित रेल यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, भोजन, स्थानीय परिवहन, श्रद्धालुओं के लिए विशेष किट, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, स्वयंसेवक, स्वागत एवं विदाई कार्यक्रम सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
यह आयोजन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है, जिसके माध्यम से देशभर में भारत की सांस्कृतिक धरोहर और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की आस्था, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। राज्य सरकार श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कर रहा है। राज्य सरकार इस आयोजन को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर चुकी है तथा सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा के सफल एवं सुचारु संचालन की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Bihar Somnath Yatra 2026, Somnath Swabhiman Parv, Bihar Government Free Somnath Tour, Patna Special Train, Kala Sanskriti Department Bihar, IRCTC Somnath Yatra, Somnath Temple News, Bihar Cultural Tourism

