17वें जन्मदिन का संकल्प बना मिसाल: आयुष राज ने छह टीबी मरीजों को पांचवें माह की पोषण पोटली सौंपी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत छपरा के युवा आयुष राज अपने 17वें जन्मदिन पर लिए गए सेवा संकल्प को लगातार निभा रहे हैं। जन्मदिन के अवसर पर छह टीबी मरीजों को गोद लेकर छह माह तक पोषण सहयोग देने का संकल्प लेने वाले आयुष ने जून माह में सभी मरीजों के बीच पांचवें महीने की पोषण पोटली का वितरण किया। अब उनके संकल्प का केवल एक माह शेष रह गया है, जिसके बाद छह माह का सेवा अभियान पूरा हो जाएगा।
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रत्नेश्वर प्रसाद सिंह (डॉ. आरपी. सिंह) ने आयुष राज की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार में दवाओं के साथ-साथ पौष्टिक आहार भी बेहद आवश्यक होता है। ऐसे में समाज के लोगों की भागीदारी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) हिमांशु शेखर ने कहा कि सेवा और संवेदनशीलता के लिए उम्र नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव जरूरी होता है। आयुष राज ने कम उम्र में जिस तरह सामाजिक दायित्व निभाने का उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अन्य युवाओं को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
एसटीएलएस कुमार अमित ने बताया कि आयुष ने अपने परिवार में टीबी मरीजों को गोद लेने की पहल से प्रेरणा लेकर यह संकल्प लिया था। पिछले पांच महीनों से वह नियमित रूप से मरीजों तक पोषण सामग्री पहुंचा रहे हैं। अब केवल एक माह का सहयोग शेष है, जिसके बाद उनका छह माह का संकल्प पूर्ण हो जाएगा।
इस अवसर पर डीपीसी हिमांशु शेखर, डीपीएस मुकेश कुमार, एसटीएस मुकेश कुमार, एलटी संजेश कुमार, सहायक संजय कुमार, गुड़िया कुमारी, परिचारी सुनील कुमार, नरेश राय, कृष्ण राय सहित यक्ष्मा विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
Ayush Raj, TB Mukt Bharat Abhiyan, पोषण पोटली, टीबी मरीज, छपरा समाचार, DRTB Bihar, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, Nikshay Mitra, TB Nutrition Support

