परिवार नियोजन अपनाएं, स्वस्थ परिवार और सुरक्षित भविष्य बनाएं: मांझी सीएचसी में जागरूकता अभियान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) मांझी में शनिवार को परिवार नियोजन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जननी संस्था के तत्वावधान में मोबियस फाउंडेशन की 'आकार परियोजना' के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएचएम राम मूर्ति ने की, जबकि संचालन एवं निगरानी बीसीएम विवेक कुमार ब्याहुत ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता को सुदृढ़ करना था।
अभियान के दौरान एएनएम कार्यकर्ताओं को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही 40 से 50 महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर परिवार नियोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रतिभागियों को विभिन्न गर्भनिरोधक विकल्पों, उनके उपयोग तथा लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जननी के जिला क्षेत्र समन्वयक पवन कुमार ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर संचालित इस अभियान के माध्यम से लोगों को स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी देने के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज छपरा में उपलब्ध इम्प्लांट गर्भनिरोधक सुविधा के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
उन्होंने बताया कि नसबंदी कराने वाली लाभार्थी महिलाओं को सरकार की ओर से 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है, जबकि प्रेरक आशा कार्यकर्ता या सहयोगी को 300 रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा लाभार्थियों को निःशुल्क एंबुलेंस से घर तक पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान पवन कुमार ने क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की जानकारी दी तथा उनका वितरण भी किया। इस अवसर पर मांझी प्रखंड के सभी एएनएम, काउंसलर दीपक कुमार, जननी संस्था के संगम दास सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Manjhi CHC, Family Planning Awareness, Janani Sanstha, Mobius Foundation, Aakar Project, Family Planning Bihar, Saran Health News, Implant Contraceptive, CHC Manjhi

