विश्व पर्यावरण दिवस पर चला पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दरौंदा प्रखंड क्षेत्र के पांडेयपुर पंचायत सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
पांडेयपुर पंचायत में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पीओ राजीव रंजन ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के लिए वृक्षारोपण बेहद जरूरी है।
वहीं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सिसवन ढाला स्थित माँ शीतला भवानी मंदिर प्रांगण में भाजपा युवा मोर्चा सिवान के नगर अध्यक्ष धीरज गुप्ता के नेतृत्व में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजयुमो जिला अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं, जो शुद्ध वायु, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं।
डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान हमारी संस्कृति, मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत संगम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं एवं ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा प्रत्येक व्यक्ति द्वारा कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

