जीविका बीपीएम अमित प्रीतम को भावभीनी विदाई, कार्यकाल की उपलब्धियों को किया गया याद
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा प्रखंड मुख्यालय स्थित जीविका कार्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) अमित प्रीतम के स्थानांतरण पर सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जीविका दीदियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों ने अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके चार वर्षों के कार्यकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीविका दीदियों और कर्मियों ने कहा कि अमित प्रीतम के नेतृत्व में दरौंदा प्रखंड में जीविका की गतिविधियों को नई पहचान मिली। स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी कार्यशैली, सहज व्यवहार और समस्याओं के त्वरित समाधान की क्षमता ने उन्हें जीविका दीदियों के बीच काफी लोकप्रिय बनाया।
वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में जीविका से जुड़ी महिलाओं का आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण हुआ। कई स्वयं सहायता समूहों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल कीं। उनके नेतृत्व तथा जीविका दीदियों के सहयोग से कई योजनाओं और कार्यक्रमों को सफलता मिली, जिससे दरौंदा प्रखंड ने जिला ही नहीं बल्कि राज्य स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। मौके पर जीविका कर्मियों और दीदियों ने उनके साथ बिताए अनुभवों को साझा करते हुए भावुक माहौल में विदाई दी।

