घूसखोर अफसरों पर निगरानी का शिकंजा, बिजली विभाग के एसडीओ और राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार
पटना/बांका/पूर्णिया (बिहार): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। सोमवार को निगरानी ब्यूरो की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए बांका जिले के रजौन में पदस्थापित सहायक विद्युत अभियंता विजेन्द्र कुमार तथा पूर्णिया जिले के केनगर अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी रूपक कुमार को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों गिरफ्तारियों के बाद सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने निगरानी थाना कांड संख्या 064/26 के तहत बांका जिले के रजौन स्थित बिजली कार्यालय में छापेमारी कर सहायक विद्युत अभियंता विजेन्द्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। परिवादी मनोज कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके किराना दुकान में वाणिज्यिक बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण लगाए गए जुर्माने को मैनेज करने के एवज में आरोपी अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी सत्येन्द्र राम के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय कक्ष से रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में निगरानी थाना कांड संख्या 065/26 के तहत पूर्णिया जिले के केनगर अंचल कार्यालय में छापेमारी कर राजस्व कर्मचारी रूपक कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। परिवादी उमेश कुमार महतो ने शिकायत की थी कि आवासीय जमीन के दाखिल-खारिज के लिए आरोपी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में निगरानी टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को अभिलेखीय भवन से रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया।
निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा। साथ ही दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। बिहार सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहने की बात भी अधिकारियों ने कही।
#BiharNews #Vigilance #CorruptionFreeBihar #BriberyCase #BankaNews #PurniaNews #BiharGovernment #ZeroTolerance #StopCorruption #BiharPolice #BreakingNews #HindiNews

