वार्ड पार्षद हत्या कांड में फरार आरोपितों के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तेहार, एक सप्ताह में सरेंडर का अल्टीमेटम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी नगर पंचायत के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड में नामजद फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को एकमा सर्किल इंस्पेक्टर किरण शंकर तथा माँझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गोंढा गांव पहुंची, जहां हत्या मामले में फरार चल रहे नौ अभियुक्तों के घरों पर डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चस्पा किया गया। पुलिस ने सभी फरार आरोपितों को एक सप्ताह के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का सख्त अल्टीमेटम दिया है।
बताया जाता है कि बीते 24 अप्रैल की रात वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू गोदकर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई थी। घटना के अगले ही दिन मृतक का तिलकोत्सव समारोह प्रस्तावित था, लेकिन उससे पहले हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। मामले में मृतक के पिता अशोक ठाकुर के लिखित आवेदन पर माँझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें एक दर्जन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
पुलिस द्वारा पूर्व में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि शेष फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सोमवार को जिन आरोपितों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किया गया उनमें नीरज कुमार गुप्ता, विजय चौधरी, जितेंद्र चौधरी, धर्मेन्द्र यादव, मिथिलेश यादव, धर्मेन्द्र कुमार यादव, पंकज यादव, रंजीत कुमार यादव उर्फ भुअर तथा छोटू यादव शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान गांव में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद मृतक वार्ड पार्षद के परिजनों ने फरार अभियुक्तों के इनकाउंटर की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी की अपील की। गौरतलब है कि हाल ही में पटना में कर्पूरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रिन्स ठाकुर के नेतृत्व में निकाले गए कैंडल मार्च में भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर फरार आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इनकाउंटर की मांग की गई थी।
#Majhi #Saran #BiharCrime #WardParshadMurder #PoliceAction #Maanjhi #CrimeNews #BiharNews #GondhaVillage #RajaBabuThakur

