झूठे वीडियो से बदनाम करने की साजिश, शिक्षक ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा थाना क्षेत्र के सतजोड़ा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षक दीपक कुमार सिंह ने खुद को असामाजिक तत्वों द्वारा परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए दारौंदा थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिक्षक का कहना है कि कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल किया गया, जिसमें यह दावा किया गया कि वह विद्यालय में केवल हाजिरी बनाकर चले जाते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
शिक्षक दीपक कुमार सिंह ने अपने आवेदन में कहा है कि वायरल वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि जिस दिन का वीडियो वायरल किया गया, उस दिन वह सरकारी कार्य से बाहर गए हुए थे। बावजूद इसके उन्हें बदनाम करने की नीयत से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गांव के कई लोगों द्वारा एक सामूहिक आवेदन भी प्रशासन को दिया गया है, जिसमें यह उल्लेख किया गया है कि वह नियमित रूप से समय पर विद्यालय आते-जाते हैं और अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन करते हैं। आवेदन पर गांव के सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।
वहीं विद्यालय के अन्य शिक्षकों का भी कहना है कि गांव के कुछ असामाजिक तत्व लगातार शिक्षकों को निशाना बना रहे हैं। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि कथित रूप से रंगदारी की मांग की जाती है और मांग पूरी नहीं होने पर डराने-धमकाने के साथ-साथ गलत तरीके से वीडियो बनाकर बदनाम करने की कोशिश की जाती है।
शिक्षक दीपक कुमार सिंह ने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी विद्यालय में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। उनके अनुसार कुछ महीने पूर्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा भी इसी तरह के मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इस संबंध में पूछे जाने पर दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है तथा मामले की जांच की जा रही है।
#Daraunda #SiwanNews #BiharNews #TeacherNews #ViralVideo #SchoolNews #Justice #SocialMedia #BiharPolice #EducationNews

