ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम में नौ दिवसीय श्री सीता राम महायज्ञ का भव्य समापन
सिवान (बिहार): सरयू तट स्थित ग्यासपुर के प्रसिद्ध ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम में आयोजित नौ दिवसीय श्री सीता राम महायज्ञ का समापन ब्रह्मर्षि साहेब बाबा महामहोत्सव के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। “वन्दे गुरू परम्पराम्” के संकल्प के साथ आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज (पूज्य सरकार जी) के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धाम में उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
महायज्ञ में शामिल होने के लिए भेट द्वारिका स्थित राम झरोखा मंदिर के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर गोपाल दास जी महाराज धाम पहुंचे। उनके आगमन पर संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण, पुष्पवर्षा और “जय श्री ब्रह्मर्षि साहेब बाबा” के जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आचार्य पंडित संतोष द्विवेदी, पंडित विनीत तिवारी, श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर हरिदास जी महाराज, श्री श्री 108 महंत प्रेम दास जी महाराज, महंत ब्रजेश दास जी महाराज, माँ जगत जननी धाम पीठाधीश्वर श्री श्री 108 महंत पं. रामपूजन दास जी महाराज, महंत कृष्ण दास सहित सैकड़ों संत-महात्मा उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में महामंडलेश्वर गोपाल दास जी महाराज ने कहा कि जहां राम नाम का स्मरण होता है, वहीं शांति और कल्याण का वास होता है। उन्होंने कहा कि यह पावन धाम भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति का जीवंत संगम है। वहीं पूज्य देवेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि यह महायज्ञ लोकमंगल और धर्म जागरण का संकल्प है तथा युवाओं को धर्म और संस्कारों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
महोत्सव के दौरान गुरुदेव भगवान चरणार्चन और संत भगवान चरणार्चन जैसे विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम में सरयू तट पर भव्य गंगा आरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में धीरज कांत, मंदाकनी एवं भजन गायिका अवनी ने “मेरे रोम-रोम में बसने वाले राम” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल कलाकार आर्यन मिश्रा और आदर्श गौतम ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह राठौड़ द्वारा उपस्थित पत्रकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं गोरखपुर से आई जागरण मंडली ने देर रात तक भक्ति जागरण प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबोए रखा।

