स्कूल न्यूट्रिशन प्रोग्राम ‘अंकुरण’ को सशक्त बनाने के लिए एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग, यूनिसेफ और फिया फाउंडेशन के सहयोग से अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, बच्चों में पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने पर जोर
पूर्णिया, 24 जून 2026
विद्यालय जाने वाले बच्चों और किशोरों में बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, यूनिसेफ तथा फिया फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से "स्कूल न्यूट्रिशन प्रोग्राम - अंकुरण" को सुदृढ़ करने हेतु एक दिवसीय अभिमुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्णिया स्थित होटल सेंटर प्वाइंट में जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार प्रकाश की अध्यक्षता में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के परस्पर संबंधों, पोषण कार्यक्रमों की भूमिका, पोषण वाटिका (न्यूट्रिशन गार्डन), जलवायु परिवर्तन अनुकूल विद्यालय तथा बच्चों में कुपोषण एवं मोटापे की रोकथाम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय जाने वाले बच्चों एवं किशोरों में आयरन फोलिक एसिड (IFA) अनुपूरण को मजबूत करना, विद्यालयों में पोषण वाटिका की स्थापना को बढ़ावा देना, छात्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण शिक्षा का विस्तार करना तथा बीएमआई (BMI) स्क्रीनिंग के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की नियमित जांच सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान यूनिसेफ के विशेषज्ञों ने बच्चों के पोषण स्तर के आकलन, वृद्धि निगरानी, पोषण परामर्श, स्वच्छता जागरूकता तथा सुरक्षित पेयजल के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों को बताया गया कि विद्यालयों में पोषण वाटिका केवल पौष्टिक भोजन का स्रोत नहीं, बल्कि बच्चों को कृषि, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की शिक्षा भी प्रदान करती है।
विशेषज्ञों ने अनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत आयरन फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन, कृमिनाशक दवा वितरण और हीमोग्लोबिन जांच शिविरों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। बताया गया कि इससे बच्चों में रक्ताल्पता कम होगी और उनकी एकाग्रता एवं सीखने की क्षमता में सुधार होगा।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के प्रतिभागियों को ई-शिक्षा कोष (E-Shikshakosh App) के माध्यम से IFA कार्यक्रम से संबंधित मासिक प्रतिवेदन दर्ज करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से डीपीओ एसएसए अविनाश कुमार अमन, डीपीओ मध्यान भोजन शशि रंजन चौधरी, स्वास्थ्य विभाग से आरबीएसके डीसी डॉ. संदीप कुमार, यूनिसेफ राज्य पोषण पदाधिकारी डॉ. संदीप घोष, राज्य सलाहकार प्रकाश सिंह, जिला पोषण समन्वयक निधि भारती, फिया फाउंडेशन राज्य टीम लीड अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी प्रखंडों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि पूर्णिया जिले का कोई भी बच्चा कुपोषण, अस्वच्छता अथवा पर्यावरणीय असुरक्षा का शिकार न हो। सभी विद्यालयों को पोषण-सक्षम, वॉश-सक्षम एवं क्लाइमेट स्मार्ट बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
"

