जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी बीडीओ पर
प्रशिक्षण प्राप्त कर पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करें : खंड विकास अधिकारी
लखनऊ, 24 जून 2026
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, लखनऊ में नव नियुक्त खंड विकास अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि वे अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं प्रशासनिक दक्षता का पूर्ण उपयोग करते हुए ग्रामीण जनता की सेवा समर्पण भाव से करें तथा गांवों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। साथ ही प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर जनसेवा के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया गया।
उन्होंने कहा कि खंड विकास अधिकारी ग्रामीण विकास व्यवस्था की अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में सरकार की योजनाओं का वास्तविक क्रियान्वयन इन्हीं अधिकारियों के माध्यम से होता है। सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवा कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वयं सहायता समूह, ग्रामीण सड़क, स्वच्छता, पेयजल तथा आजीविका से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, लखनऊ में संचालित नवचयनित खंड विकास अधिकारियों के आवासीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम के 23वें दिन, मंगलवार को “मॉडल संकुल स्तरीय संघ” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। सत्र की मुख्य प्रस्तुति उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त मिशन निदेशक श्री प्रवीणा नन्द ने दी।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के प्रति संवेदनशील एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। साथ ही मॉडल संकुल स्तरीय संघ की भूमिका, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा आजीविका संवर्धन के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सहायक निदेशक डॉ. सत्येंद्र गुप्ता, प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. राजकिशोर, प्रशिक्षण सह-प्रभारी डॉ. एस.बी. यादव, डॉ. विनीता रावत, डॉ. नन्दकिशोर साह सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए नवचयनित खंड विकास अधिकारियों ने भाग लिया।

