सारण: दियारा में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 974 लीटर विदेशी शराब जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 974.76 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं, जबकि एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान तस्करों द्वारा फायरिंग किए जाने की भी सूचना है, हालांकि अंधेरे और दियारा क्षेत्र का फायदा उठाकर अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को रिविलगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम जान टोला के सामने दियारा क्षेत्र में कुछ लोग नाव के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब उतारकर विभिन्न जगहों पर सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही रिविलगंज थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से दियारा क्षेत्र की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल की सहायता से उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान सोनु कुमार, पिता अक्षयवर चौधरी, निवासी अजायबगंज मठिया, थाना भगवानबाजार, जिला सारण के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर लदे बोरे से 34.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि सरयू नदी किनारे भारी मात्रा में शराब रखी गई है, जहां से उसकी सप्लाई की जा रही है।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने दियारा क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस द्वारा की गई तलाशी में 940.2 लीटर विदेशी शराब तथा एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस प्रकार कुल 974.76 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 326/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 111/132, 27 आर्म्स एक्ट तथा 30(ए) बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
।

