सरकारी जमीन से हटाया गया अतिक्रमण
सारण में फिर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन हुआ अतिक्रमण मुक्त, कई घर हुए ध्वस्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के चंदउपुर गांव में मंगलवार को प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी चलाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई माँझी अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक के नेतृत्व में की गई, जिसमें दाउदपुर थाना पुलिस भी पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रही। प्रशासन ने अवैध कब्जे को हटाकर सरकारी भूमि को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया गया कि तालाब के समीप स्थित गैरमजरूआ सरकारी जमीन पर आधा दर्जन से अधिक लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। इस मामले में प्रशासन की ओर से पूर्व में संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। बावजूद इसके कब्जाधारियों द्वारा जमीन खाली नहीं की गई, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
माँझी अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक ने कहा कि सरकारी भूमि आम जनता की संपत्ति होती है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
#Daudpur #Manjhi #SaranNews #Encroachment #GovernmentLand #BiharNews #AdministrationAction #JCBAction #DaudpurPolice #LandDispute

