चक धूम-धूम समर कैंप में बच्चों ने सीखी गुजरात की प्रसिद्ध लिप्पन आर्ट
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: किलकारी सारण द्वारा आयोजित “चक धूम-धूम समर कैंप 2026” के अंतर्गत बच्चों को पारंपरिक भारतीय लोक कला लिप्पन आर्ट की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। क्राफ्ट विधा के तहत आयोजित इस कार्यशाला में प्रशिक्षक अखिल राज सिंह बच्चों को मिट्टी एवं शीशे पर आधारित इस विशेष लोक कला की तकनीकों से परिचित करा रहे हैं। गुजरात के कच्छ क्षेत्र की प्रसिद्ध लिप्पन आर्ट अपनी आकर्षक डिजाइन, मड एंड मिरर वर्क और सांस्कृतिक महत्व के लिए देशभर में जानी जाती है।
कार्यशाला के दौरान बच्चों ने लिप्पन आर्ट के विभिन्न डिजाइनों, पैटर्नों और सजावटी तकनीकों को सीखते हुए सुंदर कलाकृतियों का निर्माण किया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए आकर्षक कला कृतियां तैयार कीं। बच्चों में इस कला को सीखने को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
किलकारी सारण की ओर से आयोजित इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय लोक कलाओं से जोड़ना, उनकी कलात्मक अभिरुचि को विकसित करना तथा हस्तकला के माध्यम से सृजनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना है। समर कैंप में भाग ले रहे बच्चे नई-नई कलाओं को सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को भी निखार रहे हैं।
किलकारी सारण में आयोजित “चक धूम-धूम समर कैंप 2026” के तहत बच्चों को कला, संगीत, नृत्य, विज्ञान, कंप्यूटर एवं हस्तकला जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने और अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

