सारण पुलिस की कार्रवाई, देशी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के परसा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष गश्ती, छापेमारी और आसूचना संकलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परसा थाना पुलिस भलवहिया चौक क्षेत्र में गश्ती कर रही थी।
पुलिस के अनुसार सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थिति में टहल रहे एक युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। भागते हुए युवक साहो सरैया बिचला टोला स्थित एक घर में घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद परसा थाना पुलिस ने डेरनी एवं दरियापुर थाना पुलिस के सहयोग से घर को घेर लिया। दरवाजा खुलवाकर तलाशी ली गई, जहां घर के अंदर छज्जे पर रखे एक गत्ते से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने मौके से युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम कुमार उर्फ हिमांशु कुमार उर्फ गोरखा (पिता- शंभु राय, निवासी- साहो सरैया बिचला टोला, थाना- दरियापुर, जिला- सारण) के रूप में हुई है।
इस मामले में परसा थाना कांड संख्या 335/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कार्रवाई में परसा थाना, डेरनी थाना एवं दरियापुर थाना के थानाध्यक्षों सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

