सारण: 10.71 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र से 10.71 ग्राम स्मैक बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि साढा रोड स्थित मस्जिद के सामने कुछ लोग मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। अंचलाधिकारी, सदर की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 10.71 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनुराध कुमार पाण्डेय उर्फ बाबा (निवासी- मौना साढा रोड, थाना- नगर, जिला- सारण) तथा रोहित कुमार (निवासी- मौना साढा रोड, थाना- नगर, जिला- सारण) के रूप में हुई है।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 554/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी अभियान में नगर थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

