सारण: अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के अकिलपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार, कारतूस, चाकू एवं दो मोटरसाइकिल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 जून को अकिलपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि रामदासचक दियर क्षेत्र में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ एकत्रित हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही चारों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे राहगीरों से लूटपाट की योजना बनाकर वहां एकत्रित हुए थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेन्द्र राय (सलहली, अकिलपुर) तथा गणेश महतो (रामदासचक, अकिलपुर) के रूप में हुई है।
इस मामले में अकिलपुर थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस टीम में अकिलपुर थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

