ट्रेन की चपेट में आने से पूर्व वार्ड सदस्य की मौत, मांझी के गुर्दाहा कला गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-बलिया रेलखंड पर स्थित न्यू मांझी रेलवे स्टेशन और मांझी रेलवे हाल्ट के बीच रविवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहा कला गांव निवासी 65 वर्षीय हरिशंकर महतो उर्फ जापानी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल कायम हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरिशंकर महतो खेत से चारा लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई तथा मामले की जानकारी मांझी थाना पुलिस को दी गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची मांझी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक वर्ष 2001 में कौरुधौरु पंचायत से वार्ड सदस्य भी निर्वाचित हुए थे। गांव में उनकी पहचान एक मिलनसार एवं सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति के रूप में थी। उनके निधन की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
#Manjhi #Saran #Rail Accident #BiharNews #Chhapra #BreakingNews #RailwayTrack #LocalNews #Manjhi #Gurudahakala
